Haryana Weather Alert: फरवरी का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है, लेकिन हरियाणा में गर्मी ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है। लेकिन दोपहर में धूप अब तेज और चुभने वाली हो गई है।
लोगों को दिन के समय गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिला-जुला असर झेलना पड़ रहा है। यही वजह है कि मौसम में अचानक बदलाव साफ नजर आने लगा है।
किस जिले में कितना तापमान?
मौसम विभाग चंडीगढ़ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो फरवरी के हिसाब से काफी ज्यादा माना जा रहा है। वहीं जींद जिले में सुबह का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य में औसतन सुबह का तापमान 13°C रहा। लेकिन हवा और नमी के कारण यह 10°C जैसा महसूस हुआ। अंबाला जिले में भी सुबह 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
23-24 फरवरी को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 फरवरी को हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। इन दो दिनों में आसमान में बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि ज्यादातर जिलों में 23 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है।
25 से 28 फरवरी तक का हाल
25 फरवरी को पश्चिमी और उत्तरी हरियाणा में बादल बढ़ सकते हैं। कुछ जगह हल्की बारिश या फुहार की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
- 26 फरवरी को कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं।
- 27 फरवरी को उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ सकता है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
- 28 फरवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप तेज रह सकती है।
मार्च की शुरुआत कैसी रहेगी?
1 मार्च से हल्की गर्मी का असर और बढ़ सकता है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी। रात में हल्की ठंड बरकरार यानी मार्च की शुरुआत में मौसम पूरी तरह से गर्मी की ओर बढ़ता नजर आ सकता है।
AQI लेवल ने बढ़ाई चिंता
मौसम में बदलाव के साथ-साथ एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी प्रभावित हो रहा है।
aqi.in के अनुसार:
- फरीदाबाद में AQI 282
- दिल्ली में AQI 233
- गुरुग्राम में AQI 212
- अंबाला में AQI 222
ये स्तर “खराब” श्रेणी में आते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है।
स्वास्थ्य के लिए सलाह
बढ़ते तापमान और खराब AQI के बीच लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है:
- बुजुर्ग और बच्चे विशेष ध्यान रखें
- दोपहर में धूप से बचें
- पर्याप्त पानी पिएं
- प्रदूषण के समय मास्क का उपयोग करें