PM Jan Arogya Yojana: दिल्ली सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन लेने वाले लाभार्थियों को भी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के दायरे में शामिल कर दिया है। इस निर्णय से राजधानी में स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा और व्यापक हो गया है। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। सरकार का कहना है कि यह कदम लाखों परिवारों को सीधे लाभ पहुंचाएगा।
कितने लोगों को मिलेगा फायदा?
मुख्यमंत्री के अनुसार विधवा पेंशन की 3,96,615 महिलाएं और दिव्यांग पेंशन के 1,31,515 लाभार्थी अब इस योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकेंगे। कुल मिलाकर लगभग 5.5 लाख अतिरिक्त परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत छतरी के नीचे आ जाएंगे।
किन-किन वर्गों को पहले से मिल रहा लाभ?
दिल्ली में पहले से ही अंत्योदय अन्न योजना (AAY), प्राथमिकता श्रेणी (PHH), 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिकाएं इस योजना का लाभ ले रहे हैं। अब नए वर्ग जुड़ने से योजना का दायरा और मजबूत हो गया है।
कितने आयुष्मान कार्ड जारी हुए?
राजधानी में अब तक 7,23,707 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 2,74,620 कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को दिए गए हैं। योजना के प्रभावी संचालन के लिए 208 अस्पतालों का नेटवर्क तैयार किया गया है। इनमें 156 निजी और 53 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।
कितने लोगों ने लिया इलाज?
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण (SHA) दिल्ली के माध्यम से अब तक 29,120 से अधिक लाभार्थी इस योजना के तहत उपचार प्राप्त कर चुके हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।
सरकार का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा संकल्प है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब नागरिक इलाज के अभाव में वंचित न रहे।